- Hindi News
- Local
- Himachal
- Shimla
- Amritsar: Himachal Raise Issue Of Border Dispute With Neighboring States And Share In BBMB With Union Home Minister Amit Shah | North Regional Council Meeting | CM Sukhwinder Sukhu Attend Meeting | Himachal Shimla News
शिमला8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दोपहर के वक्त पंजाब के अमृतसर रवाना हुए। यहां CM सुक्खू मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली उत्तर क्षेत्रीय परिषद की मीटिंग में शामिल होंगे। इस दौरान वह गृह मंत्री के समक्ष हिमाचल से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाएंगे।
इनमें सबसे प्रमुख पंजाब, हरियाणा, जम्मू कश्मीर व लद्दाख के साथ सीमा विवाद, चंडीगढ़ पर हिमाचल की हिस्सेदारी और BBMB में राज्य का शेयर का सबसे बड़ा मसला है। हिमाचल विधानसभा में भी लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने शिंकुला में 35 किलोमीटर और सारचू में 14 किलोमीटर में लेह लद्दाख द्वारा प्रदेश की सीमा में अतिक्रमण का मुद्दा उठाया है।
अब यह मसला उत्तर क्षेत्रीय परिषद की मीटिंग में गूंजेगा। पंजाब, हरियाणा के अलावा चंबा में भी जम्मू कश्मीर के साथ सीमा विवाद का मसला बार बार उठता रहा है।

चंडीगढ़ में हिमाचल की हिस्सेदारी की भी मांग करेंगे CM
वहीं CM सुक्खू पंजाब पुनर्गठन एक्ट के तहत चंडीगढ़ पर हिमाचल की 7.19 फीसदी हिस्सेदारी का मुद्दा भी केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष उठाएंगे। इसे लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कृषि मंत्री चंद्र कुमार की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर रखी है। इस कमेटी ने भी अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंप दी है। इसे मुख्यमंत्री कल होने वाली मीटिंग में रख सकते हैं।
BBMB से 4000 करोड़ का एरियर की मांग करेगा हिमाचल
इसी तरह भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) से भी लगभग 4000 करोड़ रुपए की रॉयल्टी का मामला उत्तर क्षेत्रीय परिषद की मीटिंग में उठाया जाएगा। हिमाचल को यह राशि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद नहीं मिल पाई हैं।
BBMB के प्रावर प्रोजेक्ट से भी हिमाचल को रॉयल्टी नहीं मिलती, जबकि अन्य सभी प्रोजेक्ट हिमाचल को रॉयल्टी दे रहे है। मुख्यमंत्री सुक्खू BBMB में भी राज्य रॉयल्टी देने का मामला उठा सकते हैं।

ग्रीन हिमाचल बनाने को उठाए कदमों की देंगे जानकारी
इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू अमित शाह से हिमाचल में आपदा से हुई तबाही का मसला भी उठा सकते हैं, क्योंकि केंद्र से हिमाचल को अब तक डिजास्टर फंड के अलावा अतिरिक्त मदद नहीं मिल पाई। इस दौरान CM सुक्खू हिमाचल को ग्रीन राज्य बनाने के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी देंगे।
ये राज्य होंगे शामिल
उत्तर क्षेत्रीय परिषद मीटिंग हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली, जम्मू व कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ के शामिल होंगे। इस बैठक का आयोजन पंजाब सरकार के सहयोग से गृह मंत्रालय के तहत अंतर राज्य परिषद सचिवालय द्वारा किया जा रहा है।
CM के साथ CS भी जा रहे
मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ राज्य के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना भी इस मीटिंग में शामिल होने अमृतसर जा रहे हैं। वह अब 27 सितंबर को वापस शिमला लौटेंगे।