- Hindi News
- Local
- Himachal
- Shimla
- Shimla: Himachal Pollution Control Board Issued Notice To Apple Grower | Government Surrounded | Apple Throws In Drain | CM Sukhvinder Singh Sukhu | Video Viral | Himachal Shimla Rohru News
शिमला2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
रोहड़ू के बलासन में सेब को नाले में फेंकते हुए
रोहड़ू के सेब बागवान को हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HPPCB) द्वारा नोटिस और एक लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के मामले में सुक्खू सरकार उल्टा घिर रही है। बागवानी संगठन और विपक्ष इसे बदले की भावना से की गई कार्रवाई बता रहा है। संयुक्त किसान मंच ने नोटिस वापस नहीं लेने की सूरत में HPPCB के निर्णय के लिए आंदोलन की चेतावनी दे डाली है।
वहीं जुब्बल-कोटखाई विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी रहे चेतन बरागटा ने कहा कि जिस बागवान को यह पेनल्टी लगाई गई है, वह इसे नहीं भरेगा, बल्कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में HPPCB के निर्णय के खिलाफ अभियान चलाएगी और एक लाख रुपए इकट्ठा करके कांग्रेस सरकार को देगी।

जिसे मदद की दरकार, उसे लगा दी पेनल्टी
चेतन बरागटा ने कहा कि सुक्खू सरकार ने बागवान को पेनल्टी लगाकर बागवान विरोधी होने का प्रमाण दिया है। जिस बागवान का सेब सड़क बंद होने से सड़ गया था और उसकी आर्थिक मदद करनी चाहिए थी, उसे पेनल्टी लगाकर परेशान किया जा रहा है।
भेदभावपूर्ण है HPPCB की कार्रवाई
संयुक्त किसान मंच के सह संयोजक संजय चौहान ने पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के निर्णय को भेदभावपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विभिन्न कंपनियों व ठेकेदारों द्वारा मलबा, मिट्टी व कई प्रकार के आपत्तिजनक पदार्थ नदी-नालों व जंगलों में सरेआम डाले जाते हैं, उन पर कार्रवाई नहीं की जाती और जब एक मजबूर बागवान ने सड़ा हुआ सेब ऐसे नाले में फेंक दिया, जिससे कोई पेयजल स्कीम भी नहीं है तो उस पर जुर्माना लगा दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि रसूखदार लोग खुलेआम कानून व नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं तब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड कार्रवाई नहीं करता। यही वजह है कि आज प्रदेश की दो दर्जन से ज्यादा प्रमुख नदियों का पानी पीने लायक नहीं है। इससे HPCB की कार्रवाई संदेह के घेरे में है।

बागवान ने जुलाई महीने में नाले में फेंका था सेब
दरअसल, जुलाई महीने में भारी बारिश के बाद रोहड़ू के बलासन निवासी बागवान यशवंत ने अपना कुछ क्रेट सेब साथ लगते नाले में फेंक दिया था। बाद में किसी ने इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। तब बागवान ने कहा कि सड़क बंद होने की वजह से सेब सड़ गया था। इसलिए उन्होंने सेब फेंका है।
कार्रवाई करनी है तो HPMC पर करके दिखाएं: पांजटा
हिमालय सोसायटी फॉर हॉर्टिकल्चर एंड एग्रीकल्चर डवलपमेंट के अध्यक्ष डिंपल पांजटा ने कहा कि सेब से क्या पॉल्यूशन होता है। यदि सेब से पॉल्यूशन होता है तो HPMC के चालान होने चाहिए, जो परवाणू में हजारों किलो सेब नाले में डंप करता है। उन्होंने स्थानीय विधायक और कांग्रेस सरकार की इस पैनल्टी के लिए आलोचना की है।
HPPCB के नोटिस ने फिर दिया इस मामले को तूल
सेब नाले में फेंकते वक्त किसी ने इसका वीडियो बना दिया, जो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल किया गया। इस पर काफी दिनों तक बहस भी छिड़ी। मुख्यमंत्री के बयान के बाद मामला शांत हुआ था। मगर, HPCB की कार्रवाई ने इस मामले को फिर से तूल दिया है।
15 दिन में भुगतान करने को नोटिस
HPPCB ने बागवान को नोटिस देकर 15 दिन में एक लाख की पेनल्टी भरने का फरमान जारी किया है। CM सुक्खू प्रदेशभर में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जाकर जनता के जख्मों पर मरहम लगाने का प्रयास कर रहे हैं और इस बीच HPPCB ने बागवान पर ऐसी कार्रवाई की, जिसे लेकर अब सरकार घिर रही है।