शिमला4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सेब की पूरी क्रेट को नाले में खाली करते बागवान।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र में सेब को नाले में फेंका जा रहा है। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि एक बागवान के घर को जोड़ने वाले लिंक रोड के बंद होने की वजह से सेब नाले में बाहर जा रहा है। हालांकि यह सेब सी ग्रेड का है, जो प्रदेश के बागवान अमूमन बोरी में बेचते हैं।
विपक्षी मामले को मुद्दा बनाने की कोशिश में
बागवानों का कहना है कि पिछले 20 दिन से सड़क बंद होने की वजह से वह अपना सेब मंडियों तक पहुंचाने में असमर्थ हैं। इसलिए सेब खराब हो गया, जिसे नाले में बहाने के अलावा कोई रास्ता नहीं। वहीं इस वीडियो पर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। खासकर विपक्षी नेता इसे सरकार के खिलाफ मुद्दे के रूप में भुनाने की कोशिश कर रहे हैं।
सड़कें बंद होने से बागवानों का फल खराब हुआ
बता दें कि प्रदेश में बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण लगभग 1600 सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। हालांकि अब 450 सड़कें ही बंद हैं, लेकिन बार-बार हो रही बारिश इनकी बहाली में बाधा उत्पन्न कर रही हैं। सड़कें बंद होने से बागवानों को परेशानी हो रही है। उनका सेब सड़ रहा है, जिस वजह से कई जगहों पर लोगों ने सेब नाले में बहा दिया।