- Hindi News
- Local
- Himachal
- Shimla
- Himachal Pradesh Weather Update; | Rainfall Landslide Alert | Cloud Burst | Water Level | Road Closed | Dharmshala Shimla Manali Solan News
शिमलाएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
हिमाचल प्रदेश के मनाली और सोलन में बारिश ने कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ा है। पिछले 24 घंटे में मनाली में 131.3 मिलीमीटर (MM) और सोलन में 107 MM बारिश दर्ज की गई। इससे पहले इन दोनों शहरों में 9 जुलाई 1971 को 105.1 MM और 17 जुलाई 2015 को भी 105 MM बारिश का रिकॉर्ड था।
प्रदेश में लगभग 35 घंटे तक हेवी रेनफॉल हुआ है। इससे राज्य के सभी नदी-नाले उफान पर है। ज्यादातर नदियां खतरे के निशान से उपर बह रही है। खासकर ऊना, मंडी, कुल्लू, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा जिले में बहने वाली नदियां रौद्र रूप धारण कर चुकी है।

कई गांव में ब्लैक आउट
प्रदेश के दर्जनों गांव में बीती रात से ही बिजली गुल है। मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति है, जबकि पहाड़ों पर लैंडस्लाइड से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
8 लोगों की मौत
पहाड़ों पर भारी बारिश के बाद लैंड स्लाइड और फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि बरसात की एंट्री के बाद से अब तक 54 लोगों की विभिन्न कारणों से मौत, 92 लोग घायल, 46 घर पूरी तरह जमींदोज, 108 घर आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त, 07 दुकानें, 99 गौशालाएं, 354 पालतू मवेशियों की मौत हो गई है।
इन रूटों पर ट्रेनें भी बंद
पिछले 24 घंटे के दौरान लैंड स्लाइड की वजह से हैरिटेज कालका-शिमला तथा अंबाला-ऊना ट्रैक पर चलने वाली ट्रेनें भी बंद रही। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी कई घरों, दुकानों व गौशालाओं को नुकसान हो रहा है।
परवाणू-शिमला फोरलेन, चंडीगढ़-मनाली, ठियोग-खड़ापत्थर NH, मंडी-पंडोह NH भी जगह-जगह लैंड स्लाइड के कारण बंद रहा। इससे लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी।

ये शहर हुए जलमग्न
कुल्लू में ब्यास के साथ पार्वती और तीर्थन नदी भी उफान पर हैं। मंडी शहर में ब्यास नदी कहर बरपा रही है। पंडोह बाजार, कुल्लू के अखाड़ा बाजार और औद्योगिक क्षेत्र बद्दी भी जलमग्न हो गया है। प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों में पांच दर्जन से ज्यादा गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बह गई। कुल्लू के कसौल में भी आधा दर्जन गाड़ियां पानी में बह गई।
आज भारी बारिश होने का रेड अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि आज भी प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। उन्होंने बताया कि बीते कल की तुलना में आज कुछ कम बारिश होगी। कल से 13 जुलाई तक मानसून में हल्की कमी आएगी। 14 जुलाई से मानसून फिर अधिक एक्टिव होगा। उन्होंने जनता से सावधानी बरतने की अपील की है।
उफनते हुए नदी-नालों के आसपास न जाए: CM
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से सावधानी बरतने और उफनते नदी-नालों के पास नहीं जाने की सलाह दी है। उन्होंने लैंडस्लाइड संभावित ऊंचे क्षेत्रों की यात्रा टालने को कहा है।

800 सड़कें, एक दर्जन पुल टूटे
- भारी बारिश से 6 नेशनल हाईवे सहित 800 से ज्यादा सड़कें बंद हैं
- मंडी जिले में कुल्लू-बंजार-लुहरी-रामपुर को जोड़ने वाला 50 साल पुराना पुल ब्यास नदी के तेज बहाव में बह गया
- मंडी के पंडोह में भी सालों पुराना पुल ब्यास के बहाव में बहा
- चंबा के भरमौर क्षेत्र में बकानी नाले का पुल रावी नदी में बहा
- औद्योगिक क्षेत्र बद्दी को हरियाणा से जोड़ने वाला मड़ा-वाला पुल टूटा
दो जगह बादल फटा
- कुल्लू जिले की मणिकरण घाटी के पुलगा में दोपहर बाद बादल फटने से खूब तबाही हुई
- मंडी जिले के थुनाग में बादल फटने से मलबा और पानी लोगों के घरों में घुस गया
- उधर, लाहौल स्पीति के चंद्रताल में लैंडस्लाइड के बाद सड़क बंद होने से 200 लोग फंस गए।