सोलन13 घंटे पहलेलेखक: पवन ठाकुर
- कॉपी लिंक
सोलन मंडी में लगातार दूसरे दिन लोकल टमाटर के रेट में गिरावट देखने को मिली। बुधवार को इस सीजन में पहली बार टमाटर के रेट में करीब 500 रुपए प्रति क्रेट (25 किलो) तक गिरावट आई थी। वीरवार को दूसरे दिन फिर औसतन रेट में करीब 200 रुपए प्रति क्रेट की गिरावट देखने को मिली है। इसका कारण है कि किसान अच्छे रेट मिलने के चलते अब ग्रेडिंग की परवाह नहीं कर रहे।
टमाटर के कारोबारियों के अनुसार खराब ग्रेडिंग से ही रेट में यह गिरावट आई है। मंडी में थोक रेट में बेशक कमी आई है, लेकिन परचून रेट में यह कमी नहीं आई है। सब्जी के दुकानदार अभी भी दो दिन पहले वाला रेट ही वसूल रहे हैं। सोलन का ए ग्रेड टमाटर यहां के स्थानीय लोगों को ही नहीं मिल रहा, ये बाहरी राज्यों को जा रहा है। जबकि स्थानीय मार्केट में बी ग्रेड का टमाटरआ रहा है जिसका रेट भी 100 पार है।
ज्यादा दाम मिले तो किसान कच्चा-पका टमाटर एक ही क्रेट में भेजने लगे
बीते मंगलवार को ही सोलन मंडी में टमाटर ने ऑल टाइम हाई रेट का रिकॉर्ड बनाया था। तब मंडी में टमाटर थोक रेट में पहली बार 2550 रुपए प्रति क्रेट यानी 102 रुपए प्रति किलो तक बिका। मंडी में इतने ज्यादा रेट मिलने के कारण मंडी में ए और बी ग्रेड का टमाटर एक साथ आया तो इसके रेट में गिरावट आने लगी। सब्जी मंडी सोलन में इन दिनों राज्यस्थान, हरियाणा, बेंगलुरु, पंजाब, दिल्ली से आढ़ती पहुंच रहे हैं। बाहरी राज्यों में इस समय टमाटर की सप्लाई सोलन की मंडी से ही हो रही है तो वहां डिमांड ज्यादा है। इसी कारण यहां के टमाटर के रेट आसमान छू रहे हैं। डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि जिला में प्रॉफिट ऑफ मार्जिन पर चैक रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सब्जी मंडी सोलन के आढ़ती तीर्थांनंद भारद्वाज ने वीरवार को कहा कि इस साल टमाटर के बेहतर दाम मिले हैं, पर लगातार बारिश के चलते किसान अब ग्रेडिंग का ध्यान नहीं रख रहे हैं। कच्चा-पका टमाटर एक ही क्रेट में आने से दाम में गिरावट आ रही है। पहले प्रति क्रेट टमाटर की बोली 1500 से 2500 तक पहुंच रही थी, अब 1700 तक सिमट रही है।
एक अन्य कारोबारी अरुण परिहार ने कहा कि एक-दो दिनों से किसान टमाटर बेहतर क्वालिटी का नहीं ला रहे हैं जिस कारण किसानों को कम दाम मिलने लगे हैं। बढ़िया टमाटर लाएंगे तो दाम बढ़िया मिलेगा।