धर्मशालाएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
मैक्लोडगंज में महिला पुलिस को डंडे से पीटती तिब्बती महिला।
हिमाचल के कांगड़ा स्थित धर्मशाला के मैक्लोडगंज बाजार में तिब्बत की पहली ट्रांसजेंडर मॉडल तेनजिन मारिको और दोस्तों ने हंगामा कर दिया। जब महिला पुलिस कर्मी उनको रोकने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में 12 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो नाइजीरियन महिलाएं भी शामिल हैं। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
पिछले दिनों भी मैक्लोडगंज पुलिस ने नाइजीरियन महिलयों के सी फॉर्म न भरने के चलते निजी होटल का चलान काटा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मैक्लोडगंज में दिन-प्रतिदिन बढ़ती हुड़दंगबाजी, नशाखोरी, शराबखोरी की शिकायतों के चलते पुलिस ने विशेष अभियान चलाया था। इस दौरान मैक्लोडगंज चौराहे पर नशे में धुत निर्वासित तिब्बती और विदेशी महिलाएं दिखीं। जब इनको रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने महिला पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी।

तिब्बती को हंगामा करने से रोकती पुलिस कर्मी।
पुलिस टीम के कार्य में डाली बाधा : एसपी
महिला पुलिस कर्मी के हाथ से डंडा छीनकर उसी को मारने शुरू कर दिए। मौके पर तैनात पुलिस टीम ने तुरंत निर्वासित युवतियों सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 114 और 115 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि तिब्बती और विदेशी पर्यटकों ने हंगामा कर पुलिस टीम के कार्य में बाधा पहुंचाई है।
सभी को रजिस्ट्रेशन ऑफ फॉरनर्स एक्ट की धारा के तहत भारत से करने की कार्रवाई अम्ल में लाई जा रही है।
कौन है तिब्बत की पहली ट्रांसजेंडर मॉडल तेनजिन मारिको
तेनजिन मारिको तिब्बत की पहली ट्रांसजेंडर मॉडल हैं। कभी बौद्ध भिक्षु रही मारिको के लिए यहां तक का सफर काफी मुश्किलों भरा रहा है। 2015 में उनका पहली बार मीडिया में जिक्र आया था। जब उन्होंने मॉडल के तौर पर मिस तिब्बत पेजेंट में पहली बार सार्वजनिक रूप से डांस किया था। एक लड़के के रूप में जन्म लेने के बाद वह हमेशा से ही अपने अंदर एक छिपी महिला को देखती थीं।

मारपीट कर रही तिब्बती महिला को पकड़ती पुलिस टीम।
जब वह 15 वर्ष की थीं, तब उन्होंने लड़कियों की तरह जीवन जीने का साहसिक फैसला लिया। इस फैसले के बाद उन्हें अपनों की ही दुतकार भी सहनी पड़ी। हर जगह उनका मजाक उड़ाया जाता था। तेनजिन का जन्म हिमाचल प्रदेश में हुआ है। उनका शुरुआती नाम तेनजिन उगेन मारिको था। 1990 में उनका परिवार हिमाचल प्रदेश के बीड़ में आया था।
दीक्षा छोड़ कराया लिंग परिवर्तन
वह जब बौद्ध भिक्षु के तौर पर दीक्षा ले रहे थे, तब भी उन्हें अपने अंदर छिपी लड़की के होने का अहसास होता था। बाद में उन्होंने लिंग परिवर्तन कराने जैसा बड़ा फैसला लिया। इसके लिए उन्होंने अपनी बौद्ध धर्म की दीक्षा को भी बीच में ही छोड़कर आगे बढ़ने का फैसला लिया।