चंडीगढ़2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
फाइल फोटो।
हिमाचल में शुक्रवार रात से भारी बारिश जारी है। इससे नदी-नाले फिर से उफान पर आ गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य एक बार फिर प्रभावित हुआ है। चंडीगढ़-मनाली हाईवे मंडी के 6 मील के बाद 9 मील में भी लैंडस्लाइड हुआ। यहां पहाड़ी से बार-बार पत्थर गिर रहे हैं। इसे देखते हुए हाईवे को बंद किया गया है। कालका-शिमला हाईवे पर भी देर रात शोघी-तारादेवी के बीच लैंडस्लाइड हुआ। मौसम विभाग ने 8 जिलों में आज फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है।
पहाड़ों में हो रही बारिश से पंजाब के तीनों डैमों के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। फाजिल्का में जलस्तर बढ़ने से करीब 2 दर्जन सरहदी गांवों के लोगों को बाढ़ की चिंता सता रही है। पानी के तेज बहाव के चलते गांव कावांवाली के पास सतलुज के किनारों में दरार आ गई है। ग्रामीणों ने मिट्टी के गट्टे लगा बांध को मजबूत किया और पानी को रोक लिया। अगस्त के 12 दिनों में हरियाणा में मानसून कमजोर रहा है। इससे हरियाणा के 3 जिले रेड जोन की श्रेणी में आ गए हैं। इनमें जींद, फतेहाबाद व हिसार शामिल हैं। केवल यमुनानगर व अम्बाला में अगस्त में सामान्य से ज्यादा बरसात हुई है।
अल-नीनो से मानसून पर ब्रेक
अनिरुद्ध शर्मा. नई दिल्ली| देश में बीते 6 दिन से रोज सामान्य से 50% तक कम बारिश हो रही है। इससे मानसूनी बारिश अपने सामान्य कोटे से 1% माइनस में आ गई है, जुलाई में ये 7% ज्यादा थी। स्काईमेट के मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि मानसून को 3 मौसमी घटनाएं प्रभावित करती हैं। प्रशांत महासागर में अल-नीनो/ला-नीना, हिंद महासागर में इंडियन ओशन डायपोल (आईओडी) और भूमध्य सागर से आने वाली मैडन जुलियन ओसिलेशन धारा (एमजेओ)। 31 जुलाई के बाद से अल-नीनो चरम पर है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव माधवन राजीवन का अनुमान है कि 6 अगस्त से शुरू हुआ मानसूनी ब्रेक दो हफ्ते चलेगा। 20 के बाद दोबारा सक्रिय हाेगा।
तीन वजह… जो मानसूनी बारिश नहीं हो दे रहीं
1. अल-नीनो: जून मध्य से मानसून पर प्रभावी है, लेकिन आईओडी व एमजेओ के कारण अल-नीनो बेअसर रहा। ये अब सक्रिय है।
2. आईओडी: ये जब पॉजिटिव होता है तो देश के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में सामान्य से ज्यादा बारिश होती है। अभी ये कम सक्रिय है।
3. एमजेओ: बादलों का बड़ा समूह, जो भूमध्य सागर में पश्चिम से पूर्व की ओर आता है। जुलाई मध्य में दो हफ्ते इसने मानसून को मदद दी।

सड़क धंसने से 50 फीट नीचे गिरी बस, 12 लाेग घायल
सुंदरनगर सुंदरनगर-शिमला रूट पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम के सुंदरनगर डिपो की बस सोरस नामक स्थान पर सड़क मार्ग धंसने से करीब 50 फीट नीचे मलबे के साथ धंस गई। इससे चालक-परिचालक सहित 12 घायल हो गए।